पीलीभीत जिले मे पूरनपुर ब्लॉक के सीडीपीओ ने बरेली के एक होटल में अपने जन्मदिन के बहाने से एक विवाहित महिला को बुलाया और उसके साथ यौन शोषण करते हुए अश्लील वीडियो बना ली यही नहीं उस महिला की वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया।
बरेली के थाना इज्जतनगर के आकांक्षा इन्क्लेव आधारशिला की निवासी पीड़ित महिला ने पीलीभीत जिले के डीएम को रजिस्टर्ड पत्र द्वारा पूरनपुर ब्लॉक के सीडीपीओ नीरज कुमार द्वारा अपने साथ दुष्कर्म की घटना से अवगत कराते हुए विभागीय कार्यवाही करने को लिखा है।
पीड़िता ने पत्र द्वारा बताया है कि सीडीपीओ नीरज कुमार ने बरेली के होटल राजरानी में अपने जन्मदिन के बहाने से बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसके दुराचार करते हुए वीडियो भी बना ली। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देते हुए उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया। अब उसे बदनाम करने के लिए उस ऑडियो व वीडियो को उसके पिता और पति को भेज दिया।
पीड़ित महिला का कहना है कि सीडीपीओ नीरज कुमार एक अधिकारी पद पर नियुक्त है इससे उसके साथ हुए दुराचार के मुकदमे की विवेचना को भी प्रभावित कर रहे हैं। नीरज के पद पर बने रहने के चलते उसको न्याय मिल पाना संभव नहीं है इसीलिए नीरज पर जल्द से जल्द विभागीय कार्यवाही होनी चाहिए।
जिलाधिकारी ने पीड़ित महिला के शिकायती पत्र को गंभीरता से संज्ञान मे लेते हुए सीडीओ से कार्यवाही करने को कहा है। पीड़ित महिला ने शिकायती पत्र की प्रति उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बाल विकास परियोजना के प्रमुख सचिव,उत्तर प्रदेश महिला आयोग व मंडलायुक्त बरेली मंडल बरेली को भी भेजी हैं।
इस सम्बंध मे आरोपी सीडीपीओ नीरज कुमार का कहना है कि महिला मेरी दीदी लगती हैं। और उस महिला से कोई रेप नहीं हुआ है। जबकि इज्जतनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि पीलीभीत के सीडीपीओ के विरुद्ध दुराचार का मुकदमा उनके थाने पर पंजीकृत हुआ है। जांच चल रही है साक्ष्य के आधार पर कार्यवाही की जायेगी।